हिंदू राष्ट्रवाद के कारण भारत-चीन के बीच हो सकता है युद्ध: चीनी मीडिया

नई दिल्ली। भारत और चीन के बीच भूटान के डोकलाम को लेकर तनाव जारी है। एक महीने से अधिक समय से भारतीय सेना डोकलाम में तैनात है और चीन लगातार भारत को युद्ध की धमकी दे रहा है। चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने अपने संपादकीय में लिखा है कि भारत लगातार चीन को उकसा रहा है और इसके साथ ही भारत में राष्ट्रवाद के नाम पर चीन विरोधी भावनायें भड़काए जा रहे हैं।

Facebook पे हमारे पेज को लाइक करने के लिए क्लिक करिये

चीनी मीडिया ने लिखा है कि भारत चीन के खिलाफ रणनीतिक रूप से अविश्वास पैदा कर रहा है। यह चीन को अपना प्रतिद्वंद्वी और दुश्मन समझता है। लंबे समय से भारत यह प्रचार करने की कोशिश कर रहा है कि चीन भारत को घेर रहा है। चीनी अखबार ने लिखा है कि चीन ने भारत को वन बेल्ट वन रोड में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था, जिसका भारत ने गलत मतलब निकाला। ग्लोबल टाइम्स ने लिखा है कि चीन के विकास को भारत खतरे के रूप में देखता है।

चीनी अखबार ने लिखा है कि भारत में एक खास तरह की राष्ट्रवाद तेजी से बढ़ रही है। इसमें लिखा है, कि “नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री के रूप में चुने जाने के बाद भारत में राष्ट्रवाद को बल मिला है। मोदी ने सत्ता में आने के लिए हिंदू राष्ट्रवाद का फायदा उठाया।

उसने एक तरफ तो देश में उनका सम्मान बढ़ाने और देश पर नियंत्रण पाने में उनकी मदद की, वहीं दूसरी ओर इसके चलते भारत में परंपरावादियों का प्रभाव बढ़ा है। राजनयिक रूप में नई दिल्ली में विदेश संबंध, खासकर चीन और पाकिस्तान पर सख्ती से पेश आने का दबाव है। इस बार चीन के साथ सीमा विवाद भारत के धार्मिक राष्ट्रवाद की मांग को पूरा करने के लिए है।