रांची: छेड़खानी को लेकर दो गुट भिड़े, पुलिस वालों समेत कई घायल

रांची। कांके के सुकुरहुटू में सोमवार देर शाम छेड़खानी को लेकर हुए विवाद के बाद जमकर बवाल मचा। पथराव और लाठीचार्ज में कई लोग जख्मी हो गए। घरों में तोड़फोड़ की गई। प्रशासन ने इलाके में धारा 144 लागू कर दी है। घटना में कांके थाना प्रभारी राजीव रंजन, पंडरा थाना प्रभारी अरविंद कुमार समेत एक दर्जन पुलिसकर्मी और 50 से अधिक स्थानीय निवासी घायल हुए हैं।

पुलिस के अनुसार शाम साढ़े छह बजे के आसपास कुछ महिलाएं तालाब के पास शौच करने गईं। वहां कुछ युवक गांजा पी रहे थे। आरोप है कि उन्होंने महिलाओं पर फब्तियां कसीं और छेड़खानी की कोशिश की। इसे गांव के एक युवक ने देख लिया। उसने विरोध किया तो युवकों ने उसकी पिटाई कर दी।

युवक ने गांव के लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद लोग गोलबंद होने लगे। कुछ युवकों को पीटा गया। थोड़ी देर बाद अफवाह फैलने लगी। दोनों गुट अपने-अपने इलाके में जमा हो गए। दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। करीब एक घंटे तक पत्थर चले। फायरिंग भी की गई। घायलों को रिम्स में भरती कराया गया है।

सूचना मिलने पर कांके थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। भीड़ ने उन्हें घेर लिया और पथराव किया। अधिकारियों के समझाने पर भी भीड़ हिंसा पर उतारू थी। इसके बाद पुलिस दो भागों में बंटकर एसएसपी और डीसी की अगुवाई में दोनों गुटों के घरों की तरफ गई। गांव में अगल-बगल दो धार्मिक स्थल हैं।

 

 

अफवाह फैला दी गई कि एक धार्मिक स्थल को तोड़ दिया गया है। इसके बाद अधिकारियों के वाहनों में तोड़-फोड़ की गई। तलवार और लाठी से लैस भीड़ दूसरे गुट की ओर बढ़ने की कोशिश कर रही थी।

 

 

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने भीड़ पर लाठियां बरसायीं। रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुलदीप द्विवेदी ने संवाददाताओं से कहा कि रांची में यह एक सप्ताह में सांप्रदायिक संघर्ष की दूसरी घटना है।