ISI से संबंध के आरोप में फैजाबाद के बाद मुंबई से एक युवक गिरफ्तार

फैजाबाद: उत्तर प्रदेश में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से संबंध रखने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने के बाद अब मुंबई से भी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। फैजाबाद से गिरफ्तारी की यह कार्रवाई एटीएस, मिलिट्री इंटेलिजेंस और यूपी इंटेलिजेंस की संयुक्त टीम ने बुधवार को अंजाम दिया। जबकि मुंबई से यूपी एटीएस और मुंबई एटीएस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तारी की। इसके अलावा एक और व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Facebook पे हमारे पेज को लाइक करने के लिए क्लिक करिये  यूपी एटीएस ने दावा किया है कि फैजाबाद से गिरफ्तार व्यक्ति ने पाकिस्तान की आईएसआई से प्रशिक्षण लिया है और उसके खिलाफ पुख्ता सबूत भी मौजूद हैं। जबकि मुंबई से गिरफ्तार युवक के बारे में दावा किया जा रहा है कि वह फैजाबाद से गिरफ्तार युवा को पैसे देता था।

रिपोर्टों के अनुसार टीम ने बुधवार को फैजाबाद के खासपुरा निवासी आफताब अली को गिरफ्तार किया। डीएसपी राजेश साहनी के नेतृत्व में यूपी एटीएस, मिलिट्री इंटेलिजेंस और यूपी इंटेलिजेंस की संयुक्त टीमों ने मिलकर आफताब को गिरफ्तार किया है। सूचना के अनुसार अब अधिक गिरफ्तारियां हो सकती हैं। पाकिस्तान उच्चायोग के अधिकारी से भी आफ़ताब के संपर्क होने का दावा किया जा रहा है।

आईजी एटीएस असीम अरुण के अनुसार उसके खिलाफ एटीएस के पास पुख्ता सबूत हैं। टीम ने उसके पास से बरामद फोन केंट के क्षेत्र की तस्वीरें बरामद की हैं। फोन की जांच कराई जा रही है, जिसमें चैट आदि से एटीएस को महत्वपूर्ण जानकारी और सबूत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

उधर मुंबई में गिरफ्तार किए गए युवक का नाम अल्ताफ कुरैशी है, उसे यूपी और मुंबई एटीएस ने संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में कुछ अन्य लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। मुंबई में कई स्थानों पर छापे मारी जारी है। गौरतलब है कि पिछले महीने मुंबई से सटे मुंब्रा क्षेत्र से नाज़िम अहमद को भी गिरफ्तार किया गया था।

बताया जा रहा है कि गुजरात के राजकोट का रहने वाला अल्ताफ हवाला का अवैध कारोबार करता है और उसी ने आईएसआई के कहने पर फैजाबाद से गिरफ्तार आफताब के खाते में पैसा जमा किया था। अल्ताफ के पास से लगभग 70 लाख रुपये बरामद करने का भी दावा किया जा रहा है।