नीतीश के ख़िलाफ ‘जनादेश अपमान यात्रा’ पर निकले तेजस्वी, उमड़ रहा है जनसैलाब

पटना। आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बेटे और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार के खिलाफ बिगुल फूंक दिया है। तेजस्वी की मां एवं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने उन्हें तिलक लगाकर ‘जनादेश अपमान यात्रा’ पर रवाना किया। वह बुधवार (9 अगस्त) से बिहार के चंपारण से नीतीश सरकार के खिलाफ ‘जनादेश अपमान यात्रा’ शुरू करेंगे।  

यात्रा पर निकलने के पहले आरजेडी नेता तेजस्वी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में जनादेश का अपमान किया है। उन्होंने कहा, ‘नीतीश आरएसएस मुक्त भारत बनाने की बात करते थे, लेकिन आज उसी की गोद में जा बैठे हैं। नीतीश  ने मैदान से हटकर यह साबित कर दिया कि वह रणछोड़ हैं।’ 

तेजस्वी का कहना है कि वह पूर्वी चंपारण के मोतिहारी से शुरु होने वाली इस यात्रा के दौरान लोगों को बताएंगे कि किस तरीके से नीतीश ने बीजेपी के साथ सरकार बना कर 2015 में महागठबंधन को मिले जनादेश का अपमान किया है और जनता के भरोसे को तोड़ा है।

पार्टी की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक तेजस्वी बुधवार को मोतिहारी में गांधी मैदान स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद प्रार्थना सभा में शामिल होंगे। इसके बाद वह अपनी यात्रा की शुरुआत करेंगे। वह इसी दिन जानकी देवी कन्या उच्च विद्यालय, माधोपुर में एक आमसभा को संबोधित करेंगे और उसके बाद शिवहर के लिए रवाना हो जाएंगे। 

शिवहर में तेजस्वी एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर में भी इसी दिन अलग-अलग जनसभा को संबोधित करने का कार्यकम है। इसके बाद वह पटना लौट आएंगे। इस यात्रा में तेजस्वी यादव के साथ आरजेडी के कई अन्य नेता भी शामिल होंगे।