इंडियन हॉकी टीम में सब्ज़ी बेचने वाले हफ़ीज़ की बेटी का हुआ सेलेक्शन

लखनऊ के सदर इलाके की रहने वाली मुमताज़ ने अपने सब्ज़ी फ़रोश पिता हफीज़ खान का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। मुमताज का आस्ट्रेलियन हॉकी लीग के लिए भारत-ए टीम में सेलेक्शन हुआ है।

हॉकी इण्डिया ने आस्ट्रेलियन लीग के लिए मंगलवार को टीम की घोषित की। इस टीम में मुमताज के अलावा गोरखपुर की प्रीति दुबे भी शामिल हैं। प्रीति टीम की कप्तान बनाई गई हैं।
मुमताज़ के पिता हफीज़ ने बताया कि उनकी बेटी को खेलने का शौक बचपन से ही था। उन्होंने उसे एक हॉकी स्टिक लाकर दे दी। फिर क्या था वह सुबह-शाम हॉकी खेलने लगी। चार साल पहले वह अपनी बेटी को लेकर स्टेडियम गए। वहां हॉस्टल का ट्रायल दिलाया। उसका चयन हो गया। यहां नीलम सिद्दीकी से ट्रेनिंग पाकर  मुमताज ने सब जूनियर, जूनियर व स्कूल नेशनल चैंपियनशिप खेली।

मुमताज़ की उड़ान को परवाज़ पिछले साल दिसम्बर में मिली, जब उसका चयन बैंकाक में हुए अण्डर-18 एशिया कप में हिस्सा लेने वाली भारतीय टीम हुआ। उसने एशिया कप में फारवर्ड की हैसियत से शानदार खेल दिखाया। भारत इसमें चैंपियन बनकर लौटा। तभी से वह भारतीय महिला हॉकी के कोर ग्रुप में शामिल हैं।

मुमताज ने बताया कि उसका असल सपना तो ओलंपिक या एशियाई खेल में भारत की तरफ से खेल कर पूरा होगा। आस्ट्रेलियन लीग में वह शानदार खेल दिखाएगी। फिलहाल वह ट्रेनिंग पर ध्यान दे रही है।