लखनऊ। हज यात्रियों को अब सात हजार से अधिक रुपये अतिरिक्त देने पड़ सकते हैं। सऊदी सरकार ने सुविधाओं के नाम पर वसूले जाने वाले शुल्क में बढ़ोतरी कर दी है। अतिरिक्त शुल्क जमा करने के लिए 10 जुलाई तक का समय दिया गया है।
हालांकि, पहले ही पूरी रकम वसूलने के बाद इस तरह के अतिरिक्त चार्ज से यात्री खुश नहीं हैं। नवभारत टाइम्स की खबर के अनुसार, भारत से हज यात्रा पर जाने वाले लोग अपने हिस्से की पूरी रकम करीब ढाई लाख रुपये पहले ही जमा कर चुके हैं।
ग्रीन कैटिगिरी के प्रति आवेदक ने दो लाख 58 हजार और अजीजिया कैटिगरी के जरिए जाने वालों ने दो लाख 24 हजार रुपये जमा करवाए हैं। ऐसे में अचानक शुल्क में बढ़ोतरी की जानकारी से यात्रियों में नाराजगी है।
हालांकि अब तक राज्य हज कमिटियों को इस सम्बंध में निर्देश नहीं मिले हैं। उधर, जानकारों के अनुसार केंद्रीय हज समिति व सऊदी अरब सरकार के बीच शुल्क बढ़ोतरी लेकर बातचीत हो चुकी है।
केंद्रीय हज कमिटी के सीईओ डॉ. मकसूद अहमद खान ने बताया कि चयनित आजमीन को अलग-अलग राशि देनी होगी। इसमें ग्रीन और अजीजिया श्रेणी शामिल हैं।
बढ़ी राशि जमा करने के लिए दस जुलाई तक का समय दिया गया है। इसके लिए राज्य हज समितियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।