अपने इलाके में इस तरह वोट मांग रहे अकबरुद्दीन !

हैदराबाद : AIMIM के विधायक अकबरुद्दीन ओवैसी ने याकुतपुरा के बड़ा बाजार में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में हमारी गफलत लापरवाही और बिखराव के कारण कातिल हमारे उपर हावी हो गए हैं। सत्ता में आने के लिए भाजपा ने कई बड़े वादे किए। लेकिन वह हर मोर्चे पर नाकाम रहे। देश में महंगाई, बेरोजगारी, पेट्रोल -डीजल और रसोई गैसों के दाम में बढ़ोतरी होती जा रही है।

अकबरुद्दीन ओवैसी ने कहा कि देश में फिलहाल शहरों का नाम बदलने का सिलसिला चल रहा है। आगरा के नाम की तब्दीली की जा रही है। इलाहाबाद और दूसरे अन्य नामों को बदल दिया गया। फिरका परस्त ताकतों को नामों को बदलने से रोकने के लिए जोश चाहिए और अपने उम्मीदवारों को बड़ी संख्या में विधानसभा और लोकसभा में भेजना वक्त की जरूरत है। क्योंकि कानून बनाने वालों में बड़ी ताकत होती है। अगर हमारे उम्मीदवार विधानसभा और लोकसभा में होंगे तो वह गैरकानूनी तरीके से नामों को नहीं बदल सकेंगे। साथ ही हर नाइंसाफी पर आवाज उठा सकेंगे।

उन्होंने कहा कि कश्मीर में अमन व चैन लाने में नाकाम भाजपा अब फिर से राम मंदिर का नाम अलाप रही है। हर मुद्दे पर फेल होने के बाद भाजपा राम मंदिर को अपना मुद्दा बना रही है। देश इस वक्त बहुत ही नाजुक दौर से गुजर रहा है। ऐसे हालात में हमें पहले से ज्यादा एक होने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि देश के मुसलमान हैदराबाद की तरफ देख रहें हैं। ऐसे में हमें पहले से ज्यादा एकता दिखानी होगी, और AIMIM के उम्मीदवारों को भारी बहुमत से जीतना होगा।

 

ओवैसी ने कहा कि देशभर में फिरका परस्तों को अगर कोई जवाब दे सकती है तो वह AIMIM है। इसलिए को भारी बहुमत से कामयाब किया जाए। उन्होंने कहा कि देश के मुसलमानों की बदहाली को नजरअंदाज कर देश तरक्की नहीं कर सकती। अगर हिन्दूस्तान को सुपर पॉवर देश बनाना है तो उस तरक्की में मुसलमानों को शामिल करना जरूरी है। मुस्लिम अकलियत को नजरअंदाज करके हिन्दूस्तान को सुपर पॉवर नहीं बनाया जा सकता।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बार बार सबका साथ सबका विकास का नारा लगाते हैं लेकिन कभी भी उन्होंने सबके विकास पर जोर नहीं दिया। ओवैसी ने कहा कि अगर यहां का विकास चाहते हैं तो हिन्दू, मुस्लिम, सिख, इसाई सबको एक साथ आना होगा। इस देश पर सभी का हक है। हिन्दूस्तान किसी का जागीर नहीं है। यह मुल्क हमारा था हमारा है और हमरा रहेगा।

उन्होंने कहा कि बात बात पर हमारी वफादारी पर शक करने और मुल्क से जाने की बातों से हम डरने वाले नहीं हैं। हम अपने हक के लिए भीख नहीं मांगेंगे। क्योंकि इस जमीन पर हमारा भी बराबर का हक है।

बता दें कि चंद्रयान गुट्टा से चार बार के विधायक अकबरुद्दीन को इस बार भाजपा के उम्मीदवार सैयद शहजादी से कड़ी टक्कर मिलने वाली है।