पाकिस्तान लौटते ही नवाज़ शरीफ़ के दामाद हुए गिरफ्तार

पाकिस्तान के अपदस्थ प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के दामाद मोहम्मद सफदर को लंबित भ्रष्टाचार के मामलों में नेशनल राष्ट्रीय अकाउंटबिलिटी ब्यूरो ने बेनजीर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार कर लिया।

वह कुछ ही मिनट पहले लंदन से अपनी पत्नी मरियम नवाज के साथ बेनजीर भुट्टो अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उतरे थे। गत 8 सितंबर को पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ, उनकी बेटी मरियम, बेटे हुसैन और हसन तथा दामाद सफदर के खिलाफ भ्रष्टाचार के तीन मामले दर्ज किए गए थे। इनमें से एक मामले में एनएबी ने सफदर का नाम शामिल किया है।

दंपति भ्रष्टाचार निरोधी न्यायाधिकरण के समक्ष पेश होने आया था। एनएबी अधिकारियों ने बताया कि बाद में सफदर को इस्लामाबाद की एक अदालत में पेश किया गया। मरियम को हिरासत में नहीं लिया गया है लेकिन वह उसी अदालत में अलग से पेश हुई। शरीफ के वकील ने उनकी पत्नी की बीमारी का हवाला देते हुए उन्हें आज पेशी से छूट देने का अनुरोध करते हुए आवेदन दिया।