पटना। एक नाबालिग लड़की के साथ चलती ट्रेन में दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि 16 वर्ष की पीड़ित लड़की ने खुद को बचाने के लिए ट्रेन से छलांग लगा दी। घायलावस्था में उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बरौनी से दानापुर के लिए जाने वाली एक पैसेंजर ट्रेन में पीड़िता यात्रा कर रही थी।
इसी दौरान एक सहयात्री ने उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। इस घटना से भयभीत नाबालिग ने खुद को बचाने के लिए पहले शोर मचाया लेकिन जब किसी ने मदद नहीं की तो चलती ट्रेन से छलांग लगा दी।
पुलिस के अनुसार लड़की बिहार के बाढ़ जिले की रहने वाली है और ट्रेन से कूदने के कारण उसे चोटे आई हैं। मजकामा रेल थाना प्रभारी कमलेश सिंह ने गुरुवार को बताया कि पीड़िता ने अपने साथ हुई घटना के संबंध में रेल पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि युवती की शिकायत पर रेलवे पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश जारी है।