दिल्ली के बजाए गांधीनगर में शिंजो अाबे की मेजबानी करेंगे PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 सितंबर को गुजरात के गांधीनगर में जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे की मेजबानी करेंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय बातचीत होगी।

खबर के मुताबिक मोदी और आबे गांधीनगर में वार्ता करेंगे और महत्वाकांक्षी मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल परियोजना के लिए भूमि पूजन में भाग लेंगे, जिसे आमतौर पर बुलेट ट्रेन परियोजना के रूप में जाना जाता है। अनुमान है कि इस रेल परियोजना पर 98 हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह पूरा समारोह शहर में साबरमती रेलवे स्टेशन के पास आयोजित किया जाएगा।

बता दें कि इससे पहले सितंबर 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांधीनगर के साबरमती तट पर चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की थी। तब चुमार में गतिरोध चल रहा था। इस बार, डोकलाम में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुए विवाद के लगभग तीन हफ्ते बाद शिंजो अबे देश का दौरा करने वाले पहले विदेशी नेता हैं।

जापान ही एक मात्र ऐसा देश था, जिसने डिप्लोमेटिक चैनल के जरिए डोकलाम गतिरोध पर भारत और भूटान को अपना समर्थन दिया। जापान के दिल्ली में उच्चायुक्त केंजी हीरामत्सु ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा, ‘हमारी समझ के मुताबिक दो महीने से डोकलाम इलाके में गतिरोध चल रहा था। इस विवादित इलाके में सबसे महत्वपूर्ण ये था कि कोई भी पक्ष अपने तरीके यथास्थिति को बदलने का प्रयास न करे और मामले का शांतिपूर्वक हल निकाला जाए।’