‘Truth Of Gujarat’ पोर्टल चलाने वाले प्रतीक सिन्हा को मिली जान से मारने की धमकी

कई नेताओं और व्यापारियों के बाद अब मशहूर वकील और मानवधिकार कार्यकर्ता रहे दिवंगत मुकुल सिन्हा के बेटे प्रतीक सिन्हा को कथित तौर पर अंडरवर्ल्ड डॉन रवि पुजारी से धमकी मिली है।

खुद को पुजारी होने का दावा करने वाले कॉलर ने सिन्हा को धमकाया कि लिखना बंद करो नहीं तो गोली मार दी जाएगी। सिन्हा अभी दो वेबसाइट ट्रूथ ऑफ़ गुजरात और एक वेब पोर्टल, अलर्ट न्यूज़ चलाते हैं जो सरकार की गलत नीतियों की आलोचना करने कर लिए सोशल मीडिया पर खासा चर्चित है।

सिन्हा ने इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज करा दी है। यह धमकी ऑस्ट्रेलिया से मिली है। इस हफ्ते की शुरुआत में कांग्रेस विधायक सी के राउलजी को भी धमकी मिली थी।

सिन्हा ने बताया कि कॉलर ने खुद को डॉन रवि पुजारी होने का दावा किया। फोन करने वाले ने हिंदी में बात की और कहा रवि पुजारी बोल रहा हूं। सुना है ना नाम। जब मैंने बताया कि मैं उसका नाम नहीं पहचानता हूं, तो उसने कहा, लिखना बंद करो नहीं तो गोली मार दूंगा।

पुलिस उपायुक्त वीधी चौधरी ने कहा कि सिन्हा ने कहा है कि उन्हें मंगलवार को अपराह्न 11.30 बजे ऑस्ट्रेलिया से रवि पुजारी होने का दावा करने वाले एक कॉलर ने फोन किया था और उन्हें लिखना बंद करने की धमकी दी थी। हमने शिकायत को अहमदाबाद जांच शाखा (डीसीबी) को भेज दिया है जो पुजारी के नाम वाले मामलों की जांच कर रहा है।