राष्ट्रपति चुनाव अंकों की शक्ति पर निर्भर होता है, मैं अभी इससे दूर हूँ : मुलायम सिंह

भिंड। समजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव से राष्ट्रपति चुनाव में बिहार के राज्यपाल रामनाथ कोविंद को उम्मीदवार बनाए जाने से संबंधित सवाल पूछा, तो उन्होंने कहा कि यह चुनाव अंकों की शक्ति पर निर्भर होता है। जिसके साथ अंकों की शक्ति होगी। उसी का उम्मीदवार राष्ट्रपति चुना जाएगा। उन्होंने कहा कि वह इस मामले में अभी दूर हैं। वह एक शादी समारोह में भाग लेने के लिए मध्य प्रदेश के भिंड आये हुए थे।

Facebook पे हमारे पेज को लाइक करने के लिए क्लिक करिये

खबर के मुताबिक उत्तर प्रदेश में अपनी पार्टी की स्थिति बेहद खराब होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जिस पार्टी को उन्होंने अपने खून-पसीने से खड़ा किया था। आज उसकी राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा छिन जाने से वह बहुत दुखी हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि वह जनता से दूर हो गए हैं और उसका परिणाम उन्हें भुगतना पड़ा है।

उन्होंने कहा कि अब नए सिरे से पार्टी को आगे ले जाएंगे और फिर इसे राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा दिलाएंगे। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में उनकी पार्टी की स्थिति अच्छी नहीं है, इसलिए यहां भी बदलाव की जरूरत है।

मध्यप्रदेश में 2018 में होने वाला विधानसभा चुनाव उनकी पार्टी भी पूरी ताकत से लड़ेगी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम आए तीन महीने का समय होने को आ गया है। लेकिन मुख्यमंत्री ने कोई बड़ा काम नहीं किया। जबकि उनकी पार्टी चुनाव जीतने के साथ ही जनता के लिए काम शुरू कर देती थी।