महाराष्ट्र: फड़णवीस सरकार के ख़िलाफ़ किसानों का प्रदर्शन जारी, बड़े आन्दोलन की दी चेतावनी

फड़णवीस सरकार को लेकर महाराष्ट्र में किसानों की नाराजगी अभी कम नहीं हुई है। किसानों ने गुरुवार को दूध और सब्जियां नहीं बेचने का फैसला किया है। इतना ही नहीं, हड़ताल पर गए किसानों ने आज कोल्हापुर से मुंबई जा रहे दूध के दो टैंकर्स को सातारा शहर के पास रोक लिया।

हाईवे जाम करके बैठे किसानों ने बड़ी मात्रा में दूध को हाईवे पर बहा दिया। साथ ही ट्रक में तोड़फोड़ भी की। हालाँकि राज्य के कृषि मंत्री सदाभाऊ खोत ने मंगलवार को हड़ताल वापस लेने के लिए किसानों से मुलाकात की थी। कृषि मंत्री अहमदनगर के पूणतांबा गांव में हड़ताल करने वाले किसानों से मिले थे।

इसके बाद मुंबई में किसानों और मुख्यमंत्री के बीच चर्चा हुई, लेकिन इस चर्चा से कोई हल नहीं निकला। किसानों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे हड़ताल जारी रखेंगे।

किसानों का दावा है कि कर्जमुक्ति ही उनकी समस्याओं का हल है जबकि मौजूदा सरकार कर्जमुक्ति की बात स्वीकार ही नहीं कर रही।