बीजेपी दफ्तर में रोज़ाना जनता की समस्या सुनेंगे योगी के मंत्री

लखनऊ: यो्गी सरकार में अब बीजेपी के दफ्तरों में जनता और कार्यकर्ताओं की भरमार होने वाली है इसके लिए योगी सरकार के मंत्री रोज़ाना बीजेपी कार्यालय में जनता की परेशानियों से मुखातिब होंगे। यह व्यवस्था 1 मई से लागू होगी और पहले दिन कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही जनता से मुखातिब होंगे। इससे पहले कल्याण सिंह और राजनाथ सिंह सरकार में भी यह व्यवस्था लागू थी। प्रदेश प्रवक्ता शलभ मणि त्रिपाठी ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि आम जनता अपनी समस्याओं को लेकर इधर-उधर भटकती रहती है। यही वजह है कि BJP संगठन ने सरकार के साथ समन्वय करके यह योजना तैयार की है। लोगों के बैठने के लिए BJP मुख्यालय में छांव और ठंडे पानी की व्यवस्था कर दी गई है। रोजाना सुबह 10 से 12 बजे तक कोई एक मंत्री जनता की समस्याओं के समाधान के लिए यहां उपस्थित होंगे। शलभ मणि ने बताया कि अब लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग दफ्तरों में भटकना नहीं पड़ेगा।