नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार के किसानों की कर्ज माफी के फैसले का कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने स्वागत किया है।
राहुल गांधी ने कहा है कि यह सही दिशा में उठाया गया एक कदम है। हालांकि राहुल ने इसे आंशिक राहत करार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा किसानों की कर्जमाफी का समर्थन किया है।
राहुल ने ट्वीट किया, ‘मैं खुश हूं कि बीजेपी ऐसा करने पर मजबूर हुई। लेकिन देशभर के पीड़ित किसानों के नाम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।’
उन्होंने लिखा कि देशभर के किसानों को राहत देने के लिए केंद्र सरकार को राष्ट्रीय स्तर पर प्रयास करना चाहिए। राज्यों के नाम पर किसानों के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए।