उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव: वोट के लिए कांग्रेसियों ने लगाई दहाड़, राहुल गांधी पीएम बने तो 15 दिन में खत्म करेंगे जीएसटी

बाराबंकी: उत्तर प्रदेश में चल रहे निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी भी पूरे जोश से मैदान में डटी है। कांग्रेस के बड़े- बड़े नेता पूरे प्रदेश में ताबड़तोड़ दौरे कर रहे हैं और अपनी पार्टी के प्रत्याशियों के लिए वोट मांग रहे हैं।

इसी क्रम में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर भी बाराबंकी में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में वोट मांगने पहुंचे। राज बब्बर ने मंच से अपने संबोधन में भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा

बब्बर ने भारतीय जनता पार्टी को शिकारी कहते हुए कहा कि ये शिकारी चुनाव के वक्त हिन्दू और मुसलमन को आगे कर अपना शिकार करते हैं। ऐसी ताकतों का शिकार होने से मुल्क को बचाना है।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने कहा कि जो राम को पूजते थे वो चित्रकूट में जीत गए हैं। चित्रकूट राम की जगह है। जहां कांग्रेस पार्टी जीती है। बीजेपी के लोग सीता के राम की पूजा नहीं करते, ये सत्ता के लिए राम की पूजा करते हैं।

उन्होंने कहा कि बीजेपी के लोगों को सबक सिखाना पड़ेगा। यह जो वोटों के शिकारी हैं, जो वोटरों का शिकार करते हैं। इन शिकारियों को समझाना होगा।

राज बब्बर के साथ मंच पर मौजूद प्रमोद तिवारी ने कहा कि राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने के 15 दिन के अंदर जीएसटी खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जीएसटी से सभी वर्ग परेशान हैं। पूरा देश जीएसटी खत्म करने की मांग कर रहा है।