चैनलों ने दबाव में एग्जिट पोल में बदलाव किए हैं: रामगोपाल यादव

लखनऊ। बीते कल यूपी चुनाव के एग्जिट पोल आने के बाद नेताओं की लगातार प्रतिक्रिया मिल रही है। इंडिया टुडे-एक्सिस माइ इंडिया के एग्जिट पोल की माने तो यूपी में भाजपा का वनवास खत्म हो सकता है।

वहीं इंडिया टुडे के मुताबिक प्रदेश में भाजपा को 251 से 279 सीटें मिल सकती हैं। इंडिया टुडे के आंकड़ों से सबसे बड़ा झटका राज्य में सत्तारुढ़ समाजवादी पार्टी को लगा है। एग्जिट पोल सपा-कांग्रेस गठबंधन को 88 से 112 के बीच ही सीटें दे रहा है जिससे पार्टी चिंतित है।

लेकिन सपा नेता रामगोपाल यादव ने कहा कि 100 प्रतिशत हम ही चुनाव जीत रहे हैं। मुझे जानकारी मिली है कि चैनलों ने दबाव में कुछ दिन पहले ही एग्जिट पोल्स में बदलाव किया है। वहीं दूसरी ओर सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने गुरुवार को कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे हैरान करने वाले होंगे।

मुलायम सिंह ने कहा कि यूपी में पूर्ण बहुमत से समाजवादी पार्टी और कांग्रेस गंठबंधन की सरकार बनने जा रही है। सूबे के अगले मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ही होंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने हमारी सरकार के कार्यकाल के दौरान किये गये विकास कार्यों को देखते हुए जम कर वोट दिये हैं। परिणाम दूसरी पार्टियों के होश उड़ा देंगे।

बता दें कि अपने बेटे अखिलेश यादव से नाराज चल रहे मुलायम ने विधानसभा चुनाव में तीन सीटों को छोड़ कर कहीं प्रचार भी नहीं किया। उन्होंने सिर्फ अपने भाई शिवपाल सिंह यादव और बहू अपर्णा यादव और जौनपुर के मल्हानी से अपने पुरानी साथी पारसनाथ यादव के पक्ष में प्रचार किया। वह कांग्रेस से गंठबंधन करने की वजह से नाराज थे।