‘दाऊद की पत्नी मुंबई आकर वापस लौट भी गईं और मोदी सरकार सोती रही’

माफिया डॉन दाऊद इब्राहिम की पत्नी महजबीं शेख उर्फ जुबीना जरीन मुंबई आकर लौट भी गई और पुलिस को भनक तक नहीं लगी। वह पिछले साल अपने पिता से मिलने के लिए मुंबई आई थी।

यह खुलासा जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार दाऊद के छोटे भाई इकबाल कासकर ने किया है। उसने बताया कि दाऊद की पत्नी ने पिछले साल मुंबई आकर अपने पिता सलीम कश्मीरी और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद महजबीं वापस लौट गईं।

इसपर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस ने मोदी सरकार और देश की खूफिया एजेंसी पर निशाना साधा। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि दुर्भाग्य की बात है कि दाऊद इब्राहिम की बीवी महजबीं अपने पिता सलीम शेख से मिलने साल 2016 में मुंबई आई थी। मोदी सरकार और उनकी एजेंसियां सोती रहीं।

उन्होंने सवाल किया कि सीबीआई और खुफिया एजेंसी रॉ क्या कर रही थी? जो पूरे देश का दोषी है, उसकी बीवी मोदी सरकार की नाक के नीचे सरेआम मुंबई आती है, अपने पिता से मिलती है और वापस चली जाती है। उसकी गिरफ्तारी क्यों नहीं होती? कोई कार्रवाई क्यों नहीं होती?

सुरजेवाला ने कहा, यह ऐसा खुलासा है जिसे खुद ठाणे पुलिस ने किया है। इस बारे में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री राजनाथ सिंह और रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण को स्पष्टीकरण देना चाहिए।

बता दें कि कासकर को इसी सप्ताह ठाणे पुलिस के जबरन वसूली निरोधक प्रकोष्ठ ने गिरफ्तार किया था। कासकर ने दाऊद और उसके परिवार के बारे में कुछ अहम जानकारियां दी हैं।