कर्नाटक में रेड्डी बंधु और येदियुरप्पा सबसे भ्रष्ट, मोदी उन्हें बचा रहे हैं : राहुल गांधी

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को कर्नाटक के कोलार में भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बी.एस. येदियुरप्पा और रेड्डी बंधुओं पर ‘सबसे भ्रष्ट’ होने का आरोप लगाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूछा कि ‘वह उन्हें क्यों बचा रहे हैं।’ यहां संवाददाताओं से बात करते हुए राहुल ने कई मुद्दों को लेकर मोदी पर निशना साधा, जिसमें दलितों का उत्पीड़न भी शामिल है।

उन्होंने कहा कि ‘राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) दलितों की प्रगति नहीं चाहता। दलितों को कुचला जा रहा है, उन्हें दबाया जा रहा है।’ राहुल ने कहा कि रोहित वेमुला का उदाहरण है। जब भी कोई दलित शिक्षा के माध्यम से अपनी जिंदगी को बेहतर बनाना चाहता है तभी आरएसएस और उसकी सोच उसे रोक देती है।

राहुल ने कहा कि कर्नाटक चुनाव में तीन मुख्य मुद्दे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने कहा येदियुरप्पा हमारे मुख्यमंत्री उम्मीदवार हैं। येदियुरप्पा देश के अब तक के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री रहे हैं। रेड्डी बंधु इस देश में अब तक पाए गए सबसे भ्रष्ट लोग हैं। मोदी जी को यह बताना चाहिए कि वह क्यों येदियुरप्पा जी और रेड्डी भाइयों को बचा रहे हैं।

राहुल गांधी ने मोदी पर राज्य के किसानों की अनदेखी करने का आरोप भी लगाया। राहुल ने कहा, “उन्हें बताना चाहिए कि जब कर्नाटक के किसान ऋण माफ करने की मांग कर रहे थे तब वह (मोदी) क्या कर रहे थे। कर्नाटक सरकार ने आठ हजार करोड़ रुपये के कर्ज को माफ किया। मोदी जी ने क्यों एक रुपये का भी योगदान नहीं दिया।