दुबई: भाईचारे की मिसाल, गुरुद्वारे ने सभी धर्म के लोगों के लिए कराया इफ़्तार

दुबई। रमजान के पाक मौके पर दुबई में एक गुरुद्वारा ने इफ्तार पार्टी का आयोजन किया। इस इफ्तार दावत में विभिन्न धर्मों और 30 से ज्यादा देशों के लोगों ने एक साथ रोजा खोला। गुरुनानक दरबार गुरुद्वारा खाड़ी देश में सबसे बड़ा गुरुद्वारा है।

गुरुनानक दरबार गुरुद्वारा के इस दावत का उद्देश्य लोगों को एकजुट करना है। गुरुद्वारा प्रबंधन के मुताबिक एक ऐसी दुनिया जो चरमपंथ का सामना कर रही है, वहां इससे निपटने के लिए विभिन्न पंथों और राष्ट्रीयताओं के बीच दोस्ती कराना सर्वश्रेष्ठ तरीका है। गुरुनानक दरबार के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कंधारी ने खलीज टाइम्स से बात करते हुए कहा कि इस इफ्तार का उद्देश्य लोगों को एक साथ लाना था।

इफ्तार की दावत के लिए गुरूद्वारे में विशेष तौर पर व्यंजन बनाये गए थे तथा पीने के लिए शरबत का इंतजाम किया गया था। हालाँकि इस इफ्तार पार्टी में सिर्फ पुरुष रोज़ेदार ही दिखे लेकिन यह अपने आप में एक अनूठी मिसाल है जब गुरूद्वारे में रोज़ा इफ्तार की दावत का इतने बड़े स्तर पर आयोजन किया गया हो।