रोहिंग्या नरसंहार के ख़िलाफ कोलकाता में विशाल प्रदर्शन, फूंका गया आंग सान सू का पुतला

म्यांमार में रोहिंग्याओं पर हो रहे ज़ुल्म के ख़िलाफ कोलकाता में 10 मुस्लिम कल्याण संगठनों ने विशाल प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान म्यांमार की स्टेट काउंसलर एवं नोबेल पुरस्कार विजेता आंग सान सू की का पुतला जलाया गया।

इस प्रदर्शन में पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष अधीर चौधरी और माकपा नेता सुजान चक्रवर्ती ने भी हिस्सा लिया। प्रदर्शन के दौरान शहर का यातायात करीब चार घंटे के लिए ठप रहा।

फुरफुरा शरीफ पीरजादा तोहा सिद्दिकी ने कहा, ‘‘म्यांमार में रोहिंग्या मुस्लिमों पर हो रहे जघन्य अत्याचार को लेकर हम चिंतित हैं। म्यांमार में पुलिस और सेना बच्चों सहित हजारों रोहिंग्या मुस्लिमों का कत्ल कर रहे हैं। म्यांमार सरकार को निश्चित तौर पर इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए।’’

ऑल बंगाल माइनॉरिटी स्टूडेंट्स फेडरेशन के मोहम्मद नुरूद्दीन ने कहा, ‘‘हम लोग केंद्र सरकार के फैसले (देश में अवैध तरीके से रह रहे रोहिंग्याओं को निकालने) की निंदा करते हैं और इसे तुरंत वापस लेने की मांग करते हैं।’’

प्रदर्शन का आयोजन करने वाले मुस्लिम संगठनों का 10 सदस्यीय एक प्रतिनिधिमंडल बाद में म्यांमार वाणिज्य दूतावास गया और एक ज्ञापन सौंपकर उनकी सरकार से रोहिंग्या मुस्लिमों की रक्षा की मांग की।

इस बीच संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार प्रमुख जैद राद अल हुसैन ने  रोहिंग्या समुदाय के लोगों को वापस भेजने के भारत के प्रयास की निंदा की।

बता दें कि हाल ही में म्यांमार के राखेन प्रांत में फैली हिंसा के बाद अबतक कुल 313,000 रोहिंग्या मुस्लिम सीमा पार कर बांग्लादेश जा चुके हैं।