पश्चिमी म्यामांर में रोहिंग्या मुसलमानों के लिए ले जाई जा रही मानवीय सहायता को बौद्ध समुदाय की भीड़ ने रोकने की कोशिश की। इस पर पुलिस को गोली चलानी पड़ी। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। पुलिस ने मामले में 8 लोगों को गिरफ्तार किया है।
इसी इलाके से मुसलमान अपने घरों को छोड़कर जा रहे हैं। पुलिस अधिकारी फ्यो वाए क्याव ने बताया कि करीब 300 लोगों ने इंटरनैशनल कमिटी ऑफ रेडक्रॉस की आपूर्ति लेकर जा रहे ट्रकों की सुरक्षा कर रहे अधिकारियों पर पथराव कर दिया।
इन ट्रकों में कपड़े, पानी और मच्छरदानी सहित कई रोजाना की जरूरतों का सामान था। नौका के जरिए उत्तरी रखाइन में खाने-पीने की चीजों और अन्य सामान की आपूर्ति की जा रही है, जहां रोहिंग्या समुदाय के लोग पिछले महीने हिंसा भड़कने के बाद से बिना किसी मानवीय सहायता के रह रहे हैं।