लखनऊ: वाराणसी के चौबेपुर कस्बे में शुक्रवार को निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई जबकि ठेकेदार गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मजदूरो के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टन के लिए भेज दिया। चौबेपुर स्टेशन रोड के किनारे जल निगम के सेवानिवृत्त अभियन्ता जयराम गुप्ता मकान बनवा रहे हैं। उन्होंने इसका ठेका झारखंड निवासी सिराज अहमद को तीन लाख रुपये में दिया है। शुक्रवार को मकान में प्रातः नौ बजे के करीब मजदूर चार दिन पहले ढाले गए छज्जे की बांस-बल्लियों को सही कर रहे थे। इसी बीच करीब 40 फुट लम्बा व साढे़ तीन फुट चौड़ा छज्जा गिर गया। इससे पूरी दीवार भी ध्वस्त हो गई। वहीं घर में काम कर रहे तीन राजगीर मजदूर अब्बास 32 वर्ष, निवासी लहरिया टांड धनवार गिरिडीह झारखंड , मुस्तकीन 30वर्ष निवासी धोबिया श्रृंगार धनवार झारखंड व सेवा लाल प्रजापति ऊर्फ शिवकुमार 32 वर्ष निवासी गरथौली चौबेपुर वाराणसी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई । उधर, काम करवा रहा ठेकेदार सिराज अहमद निवासी गिरिडीह झारखंड गम्भीर रूप से घायल हो गया। उसे निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल पर उपजिलाधिकारी सदर और तहसीलदार भी पहुंचे। उन्होंने मृतक परिवारों को हर संभव मदद देने का आश्वासन भी दिया।