रूस ने नष्ट किए अपने केमिकल हथियार, राष्ट्रपति पुतिन ने कहा ऐतिहासिक पल

रूस ने अपनी आखिरी रासायनिक युद्ध सामग्री को देश के दक्षिण पश्चिम क्षेत्र में पूरी तरह से नष्ट कर दिया। रासायनिक निरस्त्रीकरण के स्टेट कमिशन के अध्यक्ष मिखाइल बाबिच ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को बताया कि रासायानिक हथियारों को नष्ट करने की प्रक्रिया को तय समय से पहले ही पूरा कर लिया गया है।

वही रूस सितंबर के अंत तक अपने सभी रासायनिक हथियारों के भंडार को नष्ट कर सकता है। एक शीर्ष अधिकारी ने यह घोषणा की थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने इस मौके पर बताया, ‘हम कह सकते हैं कि यह यकीनन एक ऐतिहासिक क्षण है।’ विशेषज्ञों का कहना है कि रासायनिक हथियारों का भंडार पृथ्वी पर मानव जीवन को कई बार नष्ट कर सकता है।

पुतिन ने कहा कि रासायनिक हथियार समझौते (CWC) पर हस्ताक्षर करने वाला रूस पहला देश था। उन्होंने कहा कि रूस ने अपने अंतर्राष्ट्रीय दायित्वों को पूरा किया है। बाबिच ने मार्च में कहा था कि करीब 70,500 टन रासायनिक हथियारों के भंडार दुनियाभर में हैं, जिसमें 40,000 टन रूस में और 27,000 टन अमेरिका में हैं, बाकी अन्य देशों में हैं।

अंतरराष्ट्रीय दायित्वों के तहत रासायनिक हथियारों को 31 दिसंबर 2018 तक पूरी तरह तबाह करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन समय से पहले ही इस काम को पूरा कर लिया गया।