सऊदी अरब सरकार ने समुद्री मार्ग से हज यात्रा को फिर शुरू करने की मंजूरी दी : नक़वी

नई दिल्ली। केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि सऊदी अरब सरकार ने समुद्री मार्ग से हज यात्रियों को भेजने के विकल्प को फिर से शुरू करने के भारत के प्रस्ताव पर मंजूरी दे दी है। अब उन्होंने कहा कि दोनों देशों के अधिकारी सभी जरुरी औपचारिकताओं पर चर्चा करेंगे, ताकि अगले वर्षों में हज यात्री समुद्र मार्ग से भी यात्रा कर सकें।

रविवार को मक्का में नकवी और सऊदी अरब के हज व उमरा मंत्री डॉ. मोहम्मद सालेह बिन ताहिर की मौजूदगी में दोनों देशों के बीच वार्षिक हज समझौता-2018 पर दस्तखत करने के मौके पर समुद्री मार्ग को हज यात्रा के लिए फिर से खोलने पर विचार-विमर्श किया गया। हज यात्रियों की मुम्बई और जद्दा के बीच समुद्री यात्रा को 1995 में रोक दिया गया था। उन्होंने कहा कि हज यात्रा-2018 को 100 प्रतिशत डिजिटल/ऑनलाइन किया गया है।

पहली बार कुछ खास स्थितियों में मुस्लिम महिलाओं के बिना मेहरम (पुरुष अभिभावक) के हज पर जाने के मुद्दे पर नकवी ने कहा कि इन महिला हज यात्रियों के लिए अलग आवास और परिवहन व्यवस्था का प्रबंध किया गया है और उनकी सहायता के लिए महिला हज सहायकों को भी तैनात किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 1,300 से अधिक महिलाओं ने मेहरम के बिना हज यात्रा के लिए आवेदन किया है। उन्हें लॉटरी प्रक्रिया से छूट प्रदान कर सभी को हज यात्रा पर जाने की अनुमति प्रदान की गई है।