सऊदी अरब में महिलाओं के लिए खुलेगा ड्राइविंग स्कूल

रियाद: सऊदी अरब के एक विश्वविद्यालय ने महिलाओं के लिए ड्राइविंग स्कूल खोलने का निर्णय लिया है। इस संबंध में प्रिंसेस नोरा महिला विश्वविद्यालय ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।रियाद व अन्य शहरों की 60 हजार से अधिक युवतियां पढ़ती हैं। सऊदी अरब के किंग सलमान ने शाही आदेश जारी कर महिलाओं के ड्राइविंग करने पर लगी रोक खत्म कर दी थी।

दुनिया में सऊदी एकमात्र ऐसा देश था जहां महिलाओं को गाड़ी चलाने की इजाजत नहीं थी। सऊदी किंग के आदेश को 24 जून 2018 तक प्रभावी किया जाना है। महिलाओं को गाड़ी चलाने की आजादी मिलने के बाद दुनिया भर की कार कंपनियों में भी खुशी है। निसान, फोर्ड आदि कंपनियों ने सऊदी महिलाओं को उनका अधिकार मिलने पर उन्हें बधाई दी है।

सऊदी शासन के फैसले से कारों की बिक्री में तेजी से इजाफा होने की उम्मीद है। ज्यादातर महिलाएं जनवरी 2018 के पहले कार खरीदने की इच्छुक हैं।