वरिष्ठ पत्रकार कल्पेश याग्निक का दिल का दौरा पड़ने से निधन

इंदौर: दैनिक भास्कर के समूह संपादक कल्पेश याग्निक अब इस दुनिया में नहीं रहे। कल्पेश याग्निक को गुरुवार रात करीब साढ़े 10 बजे इंदौर स्थित दफ्तर में काम करने के दौरान ही दिल का दौरा पड़ा। दौरा पड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी मौत हो गई।

Facebook पे हमारे पेज को लाइक करने के लिए क्लिक करिये

डॉक्टरों ने बताया कि तीन घंटे तक उनका इलाज भी चला। इलाज के दौरान उन्हें दिल का दूसरा दौरा पड़ा लेकिन तमाम प्रयासों के बाद भी उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। जिसके बाद डॉक्टरों रात करीब 2 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी अंतिम यात्रा शुक्रवार सुबह 11 बजे इंदौर में साकेत नगर स्थित उनके निवास से तिलक नगर मुक्तिधाम जाएगी।

55 वर्षीय याग्निक प्रखर वक्ता और विख्यात पत्रकार थे। वह पैनी लेखनी के लिए जाने जाते थे। देश और समाज में चल रहे संवेदनशील मुद्दों पर बेबाक और निष्पक्ष लिखते थे। दैनिक भास्कर के शनिवार के अंक में उनका कॉलम ‘असंभव के विरुद्ध’ देशभर में चर्चित रहता था।

बता दें कि 21 जून 1963 को जन्मे कल्पेश 1998 से दैनिक भास्कर समूह से जुड़े थे। इससे पहले कुछ समय तक वह फ्री प्रेस जर्नल से भी जुड़े रहे। उनका इस तरह अचनाक जाना भास्कर समूह के लिए बड़ी क्षति मानी जा रही है।