गुजरात: वाघेला को CM बनाने के लगे पोस्टर, कांग्रेस ने बताया भाजपा की साजिश

कांग्रेस नेता शंकर सिंह वाघेला को गुजरात का मुख्यमंत्री उम्मीदवार दिखाए जाने पर विवाद शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री प्रत्याशी के रूप में वडोदरा में पोस्टर लगने के एक बाद वाघेला का कहना है कि वह इस तरह के किसी रेस में शामिल नहीं हैं। उन्होंने कहा है भाजपा की तरफ से साजिशन यह पोस्टर लगवाया गया है। उन्होंने इसकी पुलिस जांच की मांग की है।

इस विवादित होर्डिंग्स को मंगलवार को लगाया गया था। इसमें गुजराती भाषा में लिखा हुआ था- जय जय गर्वी गुजरात। चाहे भाजपा हो या कांग्रेस, 2017 गुजरात विधानसभा में सरकार तो बापू (वाघेला) की ही बनेगी। सबके विकास के लिए बापू की सरकार। शुभचिंतक, गुजराती होने पर गर्व है।

कांग्रेस की तरफ से बताया गया है कि उन्होंने आंतरिक जांच से पता किया है कि एक कॉन्ट्रेक्टर ने वडोदरा के सात जगहों पर यह होर्डिंग लगाई है। वडोदरा सिटी कांग्रेस ने पुलिस में इसकी शिकायत की है और होर्डिंग को राज्य में राजनीतिक हालात बिगाड़ने का साजिश बताया है।

कांग्रेस प्रवक्ता निलेश ब्रह्मभट्ट ने कहा, “हमने पता लगाया है कि होर्डिंग एक लोकल कॉन्ट्रेक्टर ने लगाए है। पूछताछ की तो उसने हमें एक लेटर दिखाया जिसमें एक संगठन ने शहर की अलग-अलग जगहों पर होर्डिंग लगाने के आदेश दिए गए थे। इस संगठन से जुड़े लोगों के बारे में फिलहाल जानकारी नहीं मिल पाई है। हो सकता है इसमें भाजपा का हाथ हो।”

वहीं दूसरी तरफ वडोदरा शहर के भाजपा अध्यक्ष और सांसद रंजन भट्ट का कहना है कि भाजपा इस तरह की हरकत नहीं करती। उन्होंने कहा, “यह हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं की संस्कृति में नहीं है। यह उन्हीं की पार्टी के किसी व्यक्ति ने कराया होगा।”

हालांकि कांग्रेस के गुजरात मामलों के प्रभारी अशोक गहलोत ने बताया कि उनकी पार्टी गुजरात में इस साल के आखिर में होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव से पहले किसी को मुख्यमंत्री पद के चेहरे के रूप में पेश नहीं करेगी।