गुजरात के गोधरा में सांप्रदायिक संघर्ष, 6 लोग घायल, इलाके में तनाव

गोधरा। गोधरा में यातायात से संबंधित एक मुद्दे को लेकर दो समुदायों के बीच हुए संघर्ष में छह लोग घायल हो गये। पुलिस ने आज यह जानकारी दी। यह घटना कल देर रात खादी फलिया क्षेत्र में हुई। गोधरा बी-मंडल पुलिस स्टेशन के निरीक्षक एम सी संगत्यानी ने बताया, ‘विभिन्न समुदायों के दो समूहों के बीच संघर्ष हुआ और वे एक – दूसरे पर पथराव करने लगे। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।’

अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र से गुजर रहे एक ऑटोरिक्शा चालक ने सड़क पर एक मोटरसाइकिल खड़ी करने पर आपत्ति जताई। जब उसने मोटरसाइकिल के मालिक को इसे सड़क से हटाने के लिए कहा तो उनके बीच नोकझोंक शुरू हो गई। उन्होंने बताया कि इसके बाद दोनों समुदायों के लोगों ने एक दूसरे पर हमला करना शुरू कर दिया। पथराव में दोनों समुदायों के छह लोग घायल हो गये। हम मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में एक मामला दर्ज कर लिया गया है। इस घटना के संबंध में अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।