अब झारखंड की भाजपा सरकार ने अवैध बूचड़खानों को 72 घंटे में बंद कराने का हुक्म दिया

उत्तर प्रदेश के बाद अब झारखंड की भाजपा सरकार ने राज्य के सभी अवैध बूचड़खानों को अगले 72 घंटे में बंद कराने का हुक्म दिया है। राज्य के गृह सचिव एसकेजी रहाटे ने प्रदेश के सभी उपायुक्तों, एसपी, एसडीओ और नगर निकायों को पत्र लिखा है।

गृह सचिव ने कहा है कि इसके लिए एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी। जो इस आदेश पर अमल की मॉनिटरिंग करेंगे। इसके लिए एसडीओ जिम्मेदार होंगे। वहीँ अब झारखंड के सभी थाना प्रभारियों को शपथ पत्र देकर बताना होगा उनके क्षेत्र में अवैध बूचड़खाने हैं या नहीं।

राज्य सरकार के इस फ़ैसले पर अंजुमन इस्लामिया के अध्यक्ष मो इबरार अहमद ने कहा, ”बेहतर होता सरकार इस आदेश को रामनवमी और सरहुल के बाद जारी करती। वैसे भी रांची में एक भी बूचड़खाने के पास लाइसेंस नहीं है। दो लाइसेंसी बूचड़खाने थे, जिनका सरकार ने नवीनीकरण नहीं किया।”

उन्होंने कहा कि इस विषय पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। सरकार अगर सच में गंभीर है, तो पहले पूरे देश में या कम से कम भाजपा शासित सभी प्रदेशों में ही इस व्यापार पर रोक लगा दी जाए। उन्होंने कहा कि इसके व्यापार पर रोक लगाने से पहले सरकार को इस धंधे में शामिल लोगों के लिए वैकल्पिक रोजगार की व्यवस्था भी करनी चाहिए।