केरल में आई बाढ़ गोमांस खाने वालों और बीफ फेस्टिवल करने वालों के लिए सजा है- बीजेपी विधायक

बीजेपी  विधायक और पूर्व केंद्रीय मंत्री बसनगौड़ा पाटिल यतनाल ने केरल की  बाढ़ को लेकर विवादित बयान दिया है।  टाइम्स ऑफ़ इंडिया की खबर के मुताबिक पाटिल ने कहा है कि केरल को बाढ़ के रूप में सजा इसलिए मिली है क्योंकि यहां के लोग गोमांस खाते हैं। बता दें की बसनगौड़ा अक्सर अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं।

केरल की बाढ़ पर प्रतिक्रिया बोलते  हुए बीजेपी विधायक ने कहा, ‘अगर हिंदू भावनाओं को उकसाया जाएगा तो धर्म उन्हें दंडित करेगा। उदाहरण के लिए देख लीजिए कि केरल में क्या हुआ…इसे देवभूमि कहा जाता है। पर, यहां गोहत्या होती है।
बीफ फेस्टिवल के एक साल के भीतर इस प्रदेश को बाढ़ ने अपनी चपेट में ले लिया है।’ दरअसल, पिछले वर्ष जून में केंद्र सरकार के पशु बाजारों में बीफ के लिए जानवरों के खरीदने-बेचने पर प्रतिबंध लगाने के बाद केरल में कांग्रेस विधायकों ने ‘बीफ फेस्टिवल’ का आयोजन किया था।

उधर, बसनगौड़ा ने कर्नाटक में एक बार फिर बीएस येदियुरप्पा के मुख्यमंत्री बनने का भी दावा किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी जब सत्ता में आएगी तो हम यहां बीफ को प्रतिबंधित करेंगे।

इस दौरान बीजेपी विधायक ने सीएम एचडी कुमारस्वामी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ितों की मदद करने की जगह वह मंदिर-मस्जिद की दौड़ लगा रहे हैं।