बेखौफ बदमाशों ने शुक्रवार की रात गोरखपुर में वन विभाग के वन रेंजर डीएन पाण्डेय को गोली मार दी। पेड़ों की कटाई की सूचना पर रेंजर तस्करों को रोकने पहुंचे थे।
जख्मी वन रेंजर को उपचार के लिए बीआरडी मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। यह घटना गोरखपुर के खोराबार क्षेत्र में हुई। वनों के अवैध कटान के लिए काफी संख्या में वन तस्कर सक्रिय हैं।
खोराबार क्षेत्र में शुक्रवार को पेड़ों की अवैध कटान की सूचना मिली। सूचना पाकर डिप्टी रेंजर डीएन पांडेय अपने साथ एक फारेस्ट गार्ड, वाचर और अन्य कर्मचारियों के साथ जंगल पहुंचे।
तस्करों को उनके आगमन की जानकारी हो गई थी जिससे तस्करों ने उन पर फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में डिप्टी रेंजर के सीने में दाहिने तरफ गोली लगी। गोली मारने के बाद तस्कर फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक लग्जरी जायलो कार, दो बाइक के साथ तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने तस्करों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।