समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि कई अधिकारी भाजपा के इशारे पर फर्जी केस लगा रहे हैं। समय आने पर ऐसे अधिकारी कार्यवाही से बच नहीं पाएंगे।
अखिलेश ने यह बात शुक्रवार को कही। उन्होंने कहा कि जातिवाद व सांप्रदायिक उन्माद लोकतंत्र के लिए अभिशाप है। भाजपा जातिवादी राजनीति को सफलता के लिए आसान तरीका मानती है।
समाज को बांटना और परस्पर सद्भाव को बिगाड़ना उनकी साजिश का हिस्सा है। विकास में अवरोध पैदा करना भी उनकी फितरत में है। यादव ने कहा कि राज्य में कानून का राज नहीं रह गया है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय की पक्षधर है और हमारी मांग है कि जाति जनगणना के आधार पर आनुपातिक अधिकार, अवसर और सम्मान दिया जाए। सभी के साथ न्याय संगत व्यवहार हो। मथुरा में समाजवादी सरकार के कार्यों की नाम पट्टिका को भाजपा के इशारे पर हटाया जा रहा है।