दुनिया की सबसे सस्ती कार टाटा नैनो अगले साल तक हो जायेगी बंद !

नई दिल्ली : टाटा मोटर्स की सबसे मशहूर, पसंदीदा और देश ही नहीं बल्कि विश्व की सबसे सस्ती कार नैनो का सफर जल्द ही खत्म होने वाला है शायद 2019 तक। कंपनी जल्द ही इस कार को बनाना बंद कर सकती है। कंपनी ये फैसला इसकी कम होती बिक्री को देखते हुए ले सकती है। कंपनी ने बताया है कि जून महीने में टाटा मोटर्स ने नैनो कार की केवल एक ही यूनिट बनाई थी।

टाटा ने देश में सबसे सस्ती कार निकाल कर सभी को हैरान कर दिया था। लोगों ने इसे बेहद पसंद किया। कंपनी ने इसकी कई यूनिट बेचकर बहुत मुनाफा कमाया। लेकिन अब इसकी बिक्री गिर रही है। केवल इतना ही नहीं बल्कि अब कंपनी इसकी प्रोडक्शन भी कम कर रही है।

कंपनी द्वारा जारी किए गए आंकड़ों से पता चला की जून 2018 में टाटा ने एक नैनो कार बनाई। हालांकि पिछले साल इसी महीने यानि जून 2017 में कंपनी ने 275 नैनो कार का प्रोडक्शन किया था। इसकी बिक्री की बात करें तो इस साल जून में कंपनी ने तीन नैनो कार बेची वहीं पिछले साल के आंकड़ें देखे जाएं तो तब कंपनी ने 167 कार बेची थीं।

इसी के बाद अटकलें शुरू हो गई हैं कि शायद कंपनी इस कार को बाजार में उतारना बंद कर देगी और पूरी तरह इसकी प्रोडक्शन रोक देगी। हालांकि कंपनी ने इस बारे में कोई अधिकारिक पुष्टि नहीं की है। वहीं विदेश में एक्सपोर्ट करने के बारे में कंपनी ने जानकारी दी है कि इस साल जून में एक भी नैनो नहीं भेजी गई हैं। वहीं पिछले साल जून में 25 नैनो एक्सपोर्ट की गई थी।

बता दें कि टाटा नैनो 2009 में लॉन्च की गई थी। 2019 में इसे 10 साल पूरे हो रहे हैं। कहा जा रहा है शायद कंपनी इस गाड़ी के 10 साल पूरे होते ही इसे बंद कर देगी। 2009 में लॉन्च हुई ये गाड़ी टाटा ग्रुप के चेयरमैन रतन टाटा का ड्रीम प्रोजेक्ट थी।

हालांकि शुरू में लोगों ने इसे नापसंद किया था लेकिन 2015 में इसके अपडेटेड GenX वर्जन को लोगों ने बेहद पसंद किया। इस वर्जन में कंपनी ने नैनो में ऑटोमेटिक मैनुअल ट्रांसमिशन फीचर दिया था जिसके कारण इसकी बिक्री बढ़ी। ये गाड़ी सबसे ज्यादा 2012 में बिकी थी। तब एक साल में कंपनी ने इसकी 74,524 यूनिट्स बेची थी।