मानसून सत्र सुचारु रूप से चलाने के लिए विभिन्न नेताओं के साथ बैठक करेंगी सुमित्रा महाजन

नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र में सुचारु कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन सर्वदलीय बैठक के पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सहित विभिन्न दलों के नेताओं के साथ अलग अलग बैठकें करेंगी। जिसमे वह उन्हें बताएंगी कि लोकतंत्र की साख बरकरार रखने के लिए सदन का चलना कितना ज़रूरी है।

Facebook पे हमारे पेज को लाइक करने के लिए क्लिक करिये

लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती महाजन ने यहां एक विशेष साक्षात्कार में कहा कि वह 17 तारीख को सर्वदलीय बैठक के पहले विभिन्न दलों के एक या दो नेताओं को बुलाकर निजी तौर पर बात करने की कोशिश करेंगी और उन्हें इस बात के लिए राज़ी करने का प्रयास करेंगी कि सांसदों को अपने क्षेत्र के विषयों पर बोलने का अवसर अवश्य मिलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि चुनाव केवल बड़े नेताओं के बलबूते ही नहीं जीते जाते हैं। राष्ट्रीय स्तर पर बड़े नेता के करिश्मे के साथ निर्वाचन क्षेत्र में उम्मीदवार की साख एवं छवि की बड़ी भूमिका होती है। इसीलिये पक्ष में बड़ी लहर होने के बावजूद लोग हार जाते हैं और विपरीत लहर में भी लोग जीतने में कामयाब रहते हैं। इसलिए सदन में सभी सदस्यों को उनकी विधायी जिम्मेदारियों के निर्वहन का मौका मिलना चाहिए।

एक सवाल के जवाब में श्रीमती महाजन ने कहा कि सांसदों के व्यवहार को लेकर देश-विदेश, हर जगह सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल की विदेश यात्राओं में उन्हें इस प्रकार के सवाल सुनने को मिले हैं। प्रवासी भारतीय समुदाय ने भी संसद के अंदर वातावरण को लेकर नाखुशी का इज़हार किया है। जिसपर उन्होंने कहा कि विदेशों में भारतीय लोकतंत्र को विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में देखा जाता है। इसलिए ना केवल अपने देश बल्कि दुनिया भर में लोकतांत्रिक व्यवस्था की विश्वसनीयता एवं आस्था को मज़बूत करना हमारी जिम्मेदारी है।