अफगानिस्तान: ईद के मद्देनजर तालिबान ने संघर्ष विराम का किया ऐलान!

अफगानिस्तान में ईद के मौके पर शांति बनी रहने की उम्मीदें बढ़ गई हैं। सरकार के बाद अब तालिबान ने भी अफगानी सुरक्षाबलों पर हमले न करने का ऐलान किया है।

टोलो न्यूज के मुताबिक शनिवार को जारी बयान में अफगान तालिबान ने कहा कि उसने अपने लड़ाकों को ईद के पहले तीन दिन तक अफगानी सुरक्षाबलों को निशाना न बनाने का आदेश दिया है।

इसके साथ उसने यह भी कहा है कि इस संघर्ष विराम में विदेशी सैनिकों को शामिल नहीं किया गया है और उन पर हमले जारी रहेंगे।

रिपोर्ट के मुताबिक अफगान तालिबान ने अपने गवर्नरों को ईद पर उन कैदियों को भी रिहा करने का आदेश दिया है जो भविष्य में उसके लिए खतरा नहीं बनेंगे।

इसके अलावा कैदियों से उनके परिवारों को मिलाने का भी इंतजाम करने को कहा है। इससे पहले अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी ने तालिबान के साथ संघर्ष विराम का ऐलान किया था।

गुरुवार को उन्होंने कहा था, ‘यह संघर्ष विराम तालिबान के लिए यह महसूस करने का मौका है कि उनका हिंसक अभियान जनता के दिलों को जीत नहीं रहा है, बल्कि उन्हें उनके लक्ष्यों से भटका रहा है। अफगानिस्तान के सभी सहयोगी देशों ने राष्ट्रपति अशरफ गनी के इस कदम को सकारात्मक पहल बताते हुए इसका स्वागत किया है।

इससे पहले सोमवार को काबुल में आयोजित शांति सम्मेलन में मौलवियों ने भी आतंक के खिलाफ फतवा जारी किया था। उन्होंने कहा था, ‘शरिया और इस्लामिक कानूनों में सभी तरह की जंग नाजायज हैं।

यह मुस्लिमों का खून बहाने के अलावा और कुछ नहीं है।’ लेकिन इस फतवे के बाद इस शांति सम्मेलन पर आत्मघाती हमला हो गया था। इसमें सात मौलिवियों और चार सुरक्षाकर्मियों सहित 14 लोगों की मौत हो गई थी।

साभार- ‘सत्याग्रह’