ट्रम्प से बहस के बाद CNN पत्रकार को व्हाइट हाउस में आने पर लगा रोक!

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की बुधवार को एक प्रेस वार्ता के दौरान सीएनएन के पत्रकार जिम अकोस्टा से तीखी बहस हो गई। इसके बाद व्हाइट हाउस कवर करने वाले अकोस्टा का पास रद्द कर दिया गया। अकोस्ट ने ट्रम्प से लैटिन अमेरिकी देशों से आ रहे अप्रवासियों के बारे में सवाल किया था। इसी मुद्दे पर जब अकोस्टा ने दूसरा सवाल किया तो ट्रम्प ने कहा- अब बस, बहुत हुआ। व्हाइट हाउस की एक सहायक ने अकोस्टा का माइक छीनने की भी नाकाम कोशिश की।

ट्रम्प के राष्ट्रपति बनने के बाद से मीडिया से उनके रिश्ते खराब रहे हैं। कई संस्थानों को वह फेक मीडिया करार दे चुके हैं। बुधवार को भी उन्होंने कुछ रिपोर्टर्स को बदतमीज बताया। प्रेस वार्ता के दौरान ही ट्रम्प ने एक महिला रिपोर्टर के सवाल को नस्लीय बताया। महिला पत्रकार ने व्हाइट नेशनलिस्ट के बारे में सवाल पूछा था।

मध्यावधि चुनाव के बाद व्हाइट हाउस में ट्रम्प ने एक प्रेस वार्ता बुलाई थी। इसमें अमेरिकन अर्बन रेडियो नेटवर्क की रिपोर्टर अप्रिल रेयान ने जब सवाल पूछने की कोशिश की तो ट्रम्प ने उन्हें बैठ जाने के लिए कहा। साथ ही ट्रम्प ने मीडिया को दलबदलू भी करार दिया।

ट्रम्प ने यह भी कहा कि मीडिया तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था को कवर नहीं करता, बल्कि वह देश में बांटने की राजनीति के लिए जिम्मेदार है। मैं बहुत कुछ अच्छा कर सकता हूं लेकिन यह मीडिया को अच्छा नहीं लगेगा।