उत्तर प्रदेश : वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सर्विस रिवाल्वर से खुद को गोली मारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश एटीएस (आतंकवाद निरोधी दल) के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने अपने दफ्तर में कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के तुरंत बाद उनको नजदीक के अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

पुलिस के मुताबिक खुदकुशी करने वाले पीपीएस अधिकारी राजेश साहनी ने अपने दफ्तर में बने मंदिर के सामने दोपहर के करीब 12 बजकर 45 मिनट पर अपने सर्विस रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली।

प्रदेश के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर आनंद कुमार के मुताबिक साहनी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रैंक के अधिकारी थे। उन्होंने कहा, पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिरकार साहनी ने अपने जीवन को खत्म करने का इतना बड़ा फैसला क्यों लिया।