राजनीति व अन्य क्षेत्रों में वंशवाद को लेकर भाजपा सांसद वरुण गांधी ने दुख जताते हुए कहा कि राजनीति सहित महत्वपूर्ण क्षेत्रों में वंशवाद के कारण आम आदमी के लिए अवसर के दरवाजे बंद हो रहे हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है पर सच है।’
वरुण गांधी फेडरेशन ऑफ कर्नाटक चैंबर्स ऑफ कॉमर्स ऐंड इंडस्ट्रीज की तरफ से आयोजित ‘भारत के भविष्य का रास्ता: अवसर और चुनौतियां’ विषय पर आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे।
गांधी ने कहा कि अगर हम फिल्म इंडस्ट्री, खेल जगत, राजनीति और उद्योग की तरफ देखें तो लगभग सभी के दरवाजे आम आदमी के लिए बंद हो गए हैं। उन्होंने कहा, ‘आप एक प्रतिभाशाली युवक हैं जो छोटे से शहर में रहता है।
आपके पास काफी ज्ञान, साहस और क्षमता है पर आप क्या करोगे? कई बार यह बेकार चला जाता है।’ इससे मुझे तकलीफ होती है। इस दौरान उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि अगर वह राजनीतिक परिवार से नहीं होते तो राजनीति में शायद नहीं होते। गांधी ने कहा कि भारत की शिक्षा प्रणाली में सुधार की जरूरत है।