नई दिल्ली: देश के उपराष्ट्रपति के लिए आज वोटिंग होगी। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार एम वेंकैया नायडू की जीत लगभग तय है। चुनाव में लोकसभा और राज्यसभा के सांसद भाग लेंगे। वोटिंग बेल्ट पेपरों द्वारा सुबह 10 बजे शुरू होगी और शाम पांच बजे तक चलेगा। इसके बाद मतगणना होगी और शाम सात बजे तक परिणाम आ जाने की उम्मीद है। विपक्ष ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के पोते गोपाल कृष्ण गांधी को संयुक्त उम्मीदवार बनाया है।
सत्तारूढ़ राजग के सांसदों की संख्या के मद्देनजर नायडू की जीत सुनिश्चित है। लोकसभा में एनडीए की पूरी बहुमत है। लोकसभा के 545 सीटों में से दो सीट खाली है। भाजपा 281 और एनडीए की कुल मिला कर 338 सीटें हैं। भाजपा के बिहार के सासाराम से सांसद छेदी पासवान अदालती फैसले के कारण वोट नहीं दे पाएंगे। सदन में सत्तारूढ़ दल को बहुमत नहीं है।
राज्यसभा में कुल 245 सीटें हैं जिनमें दो खाली हैं। भाजपा ने कल ही कांग्रेस को पीछे छोड़ते हुए राज्यसभा में 58 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी का स्थान हासिल किया है। कांग्रेस के 57 सांसद हैं। हालांकि राज्यसभा में एनडीए के पास बहुमत नहीं है लेकिन लोकसभा में उसके सदस्यों की संख्या के मद्देनजर नायडू की जीत में किसी तरह का कोई संदेह नहीं है।