
इंडोनेशिया के लोम्बोक द्वीप में आज 6.4 तीव्रता वाला भूकंप का झटका महसूस किया गया और भूकंप की वजह से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई। यह जानकारी यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (यूएसजीएस) ने दी है।
यूएसजीसी ने बताया कि इस शक्तिशाली भूकंप का केंद्र सात किलोमीटर की गहराई में था और यह स्थानीय समय के अनुसार छह बजकर 47 मिनट पर आया।
यह भूकंप इस द्वीप के मुख्य शहर माटरम से 50 किलोमीटर दूर उत्तरपूर्वी क्षेत्र में आया। लोम्बोक इंडोनेशिया का लोकप्रिय पर्यटन स्थल है और यह रिजॉर्ट के लिए मशहूर द्वीप बाली से 100 किलोमीटर पूर्व में स्थित है।
इंडोनेशिया के भूभौतिकी एवं मौसम एजेंसी ने बताया कि 6.4 तीव्रता का भूंकप आने के बाद 11 और झटके महसूस किए गए। इंडोनेशिया आपदा प्रबंधन एजेंसी के एक प्रवक्ता सुतोपो पुरवो नुग्रोहो ने बताया, “पूर्वी लोम्बोक में एक व्यक्ति और उत्तरी लोम्बोक में दो लोगों की मौत हो गई।” हालांकि यह नहीं बताया गया है कि इन पीड़ितों की मौत कैसे हुई। उत्तरी लोम्बोक में इस भूकंप में कम से कम दो दर्जन लोग घायल हो गए और एक घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।