बिहार के नवादा जिले में एक लड़की को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। लड़की दूसरे समुदाय के युवक के साथ घर छोड़कर चली गई थी जिसके बाद गांव की पंचायत ने लड़की को यह सजा सुनाई।

मामले की जानकारी होने पर भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। लड़की की मुसीबत अभी भी कम नहीं हुई है, परिवार वालों ने उसे घर में बांधकर रखा है। परिवार का कहना है कि वह नहीं चाहता कि लड़की की शादी दूसरे समुदाय के लड़के के साथ हो।
नवादा जिले के रजौली गांव की लड़की दूसरे समुदाय के एक युवक के साथ घर छोड़कर चली गई थी। बाद में उसके घर वालों को पता चला कि लड़की दूसरे गांव में है।
इसकी जानकारी होने पर परिवार वाले लड़की को वहां से लेकर आए। लड़की के घर आने पर पंचायत बुलाई गई जिसमें लड़की को पेड़ से बांधकर पीटने का फरमान सुनाया गया। लड़की के साथ इतनी बेरहमी से लोग पेश आए कि पिटाई के दौरान वह कई बार बेहोश हो गई।
लड़की का कहना है कि वह उसी युवक के साथ शादी करना चाहती है लेकिन परिवार वाले इसके लिए तैयार नहीं हैं। यह मामला पुलिस की जानकारी में भी है लेकिन उसने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की है। पुलिस का कहना है उसे इस मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है।