विवादित स्थल पर विराजें रामलला, थोड़ी दूर पर बने मस्जिदे अमनः वसीम रिज़वी

अयोध्या में बाबरी मस्जिद-राम मन्दिर को लेकर चल रहे विवाद पर उत्तर प्रदेश शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड ने विवाद को खत्म करने की बात कही है। शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के चेयरमैन वसीम रिजवी ने कहा है कि अयोध्या में विवादित स्थल पर राम मंदिर बनेगा और मस्जिद उससे थोड़ी दूर हटकर बनानी चाहिए। 

रिजवी ने कहा कि हमने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल कर दिया है। विवादित स्थल पर मंदिर है। मस्जिद नहीं। मंदिर को तोड़कर मस्जिद बनाया गया। इसलिए यह झगड़े का सबब है। मीर बाक़ी ने जबरन मस्जिद बनाई। पुरातत्व विभाह को भी मंदिर के अवशेष मिले हैं। अगर ऐसा सही है कि वहां मंदिर को तोड़कर मस्जिद बनाई गई, तो वह जगह इबादत के लायक ही नहीं है।

रिजवी ने कहा कि 1944 तक उस मस्जिद में इंतजाम का जिम्मा शिया समुदाय के पास रहा। सुन्नी वक्फ बोर्ड ने उस समय यह कहकर मस्जिद पर कब्जा कर लिया कि यह मस्जिद बाबर ने बनवाई। सुन्नी वक्फ बोर्ड ने उस समय यह क्यों नहीं कहा कि यह सुन्नी-शिया का मसला नहीं है।

रिजवी ने साफ किया कि सुन्नी और शिया मस्जिदें अलग-अलग होती हैं। दोनों ही मस्जिदें अपने-अपने बोर्ड में दर्ज होती हैं। 

उन्होंने कहा कि शिया समुदाय नहीं चाहता कि मंदिर को मिलाकर मस्जिद बने। शिया वक्फ बोर्ड यह चाहता है कि मस्जिद अलग बननी चाहिए, जिसका नाम मस्जिदे अमन होना चाहिए।