पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने त्रिपुरा में भाजपा की जीत से इनकार करते हुए कहा कि भगवा पार्टी पश्चिम बंगाल और ओडिशा में जीत नहीं पाएगी। इतना ही नहीं उनहोंने तो भाजपा की तुलना तिलचट्टा कीट से भी कर डाली और कहा कि भाजपा पंख लगाकर मोर बनने का सपना देख रही है जो कि कभी पूरा नहीं हो सकता।
Facebook पे हमारे पेज को लाइक करने के लिए क्लिक करिये
खबर के मुताबिक, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने दावा किया कि चुनाव परिणाम से भाजपा को अन्य राज्यों में होने वाले चुनावों में फायदा नहीं मिलेगा। त्रिपुरा में वामपंथ के 25 वर्ष के शासन का अंत होने और भाजपा की जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए ममता ने कहा कि ऐसे राज्य में जीत पर खुश होने की बात नहीं है, जहां महज 26 लाख मतदाता हैं और दो संसदीय सीट हैं। साथ ही वोट का अंतर केवल पांच फीसदी है।
ममता ने कहा कि त्रिपुरा में जो भी परिणाम आया है वह वामपंथी सरकार के आत्मसमर्पण और गठबंधन के लिए कांग्रेस का सहमत नहीं होने के कारण है। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी तृणमूल कांग्रेस और स्थानीय पहाड़ी दलों के साथ गठबंधन के लिए राजी हो जाते तो परिणाम अलग हो सकते थे।
पश्चिम बंगाल और ओडिशा को भाजपा द्वारा लक्ष्य बनाने पर ममता ने कहा कि कभी-कभी तिलचट्टा भी पंख लगाकर मोर बनना चाहता है। ऐसा कभी नहीं होगा और यह सपना ही रह जाएगा।