कासगंज हिंसा : भड़काऊ पोस्ट चलाने के आरोप में वॉट्सऐप एडमिन गिरफ्तार

कासगंज। पुलिस ने कासगंज हिंसा मामले में वॉट्सऐप ग्रुप चलाने वाले एक एडमिन को गिरफ्तार कर लिया है जबकि ग्रुप का एक और सदस्य फरार हो गया है। गिरफ्तार शख्स राम सिंह पर आरोप है कि वह सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक विडियो और तस्वीरों के जरिए लगातार लोगों को भड़का रहा था।

कासगंज के एसएसपी ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस को जानकारी मिली कि ‘नक्षत्र कम्प्यूटर्स’ नामक वॉट्सऐप ग्रुप पर कुछ लोग भड़काऊ विडियो और तस्वीरों को पोस्ट कर रहे हैं। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए ग्रुप के एडमिन राम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

इसके साथ ही ग्रुप के ही एक और सदस्य की तलाश की जा रही है, जिसका नाम अजय गुप्ता बताया जा रहा है। दोनों आरोपी कासगंज के गंजडुंडवारा इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं।