समाजवादी सेक्युलर मोर्चा का गठन करने के बाद पहली बार शिवपाल यादव बागपत कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में पहुंचे।
जहां उन्होंने ऐलान किया कि समाजवादी सेक्युलर मोर्चा सभी समान विचारधारा वाले लोगों को साथ में लेकर प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर 2019 का चुनाव लड़ेगा।
यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी न तो अखिलेश यादव से मुखालफत है न ही वह समाजवादी पार्टी की मुखालफत कर रहे हैं। मोर्चे का उद्देश्य है कि प्रदेश की तस्वीर बदली जाए। इस मौके पर उनके साथ आचार्य प्रमोद कृष्णम भी मौजूद रहे।
बीते बुधवार को शिवपाल यादव ने समाजवादी सेक्युलर मोर्चे का गठन का ऐलान किया था। इस पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि ‘उत्तर प्रदेश और देश का चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आएगा, ऐसी कई चीजें देखने को मिलेंगी।
इसमें कोई शक नहीं है कि इसमें भाजपा का ही हाथ होगा।’ वहीँ गुरूवार को पार्टी कार्यालय पर पहुंचे मुलायम ने इस मामले पर कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया था।
दो साल से पार्टी में हाशिए पर चल रहे शिवपाल यादव ने 5 मई 2017 को समाजवादी सेक्युलर मोर्चा बनाने का ऐलान किया था। बाद में यह ठंडे बस्ते में चला गया।
इस साल 10 जून को उनके समर्थकों ने ‘शिवपाल यादव सेक्युलर मोर्चा’ का गठन किया। तब शिवपाल को इसका संरक्षक बनाया गया था। हालांकि अभी शिवपाल यादव ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा नहीं दिया है।