बीते दिनों भाजपा नेताओं की हेकड़ी निकालने वाली महिला पुलिस अधिकारी श्रेष्ठा ठाकुर का आज बुलंदशहर से बहराइच तबादला कर दिया गया।
दरअसल श्रेष्ठा ठाकुर का हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमे वह भाजपा नेताओं को तमीज सिखाते हुए नज़र आ रही थीं।
इसके अलावा उन्होंने पुलिस अधिकारी से बदतमीज़ी और पुलिस कार्यवाही में दखल देने वाले भाजपा के पांच नेताओं को जेल भेज दिया था।
बुलंदशहर के बीजेपी अध्यक्ष मुकेश भारद्वाज ने कहा कि ठाकुर पर सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ और अन्य नेताओं पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का मामला दर्ज कराया गया है।
बता दें कि यूपी में भाजपा सरकार बनने के बाद पार्टी से जुड़े लोगों के विवादों की खबर में लगातार इजाफा हो रहा है। एक हफ्ते पहले ट्रैफिक रूल तोड़ने पर पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ता का चालान काट दिया था। आरोप है कि इसके बाद अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं ने महिला CO श्रेष्ठा ठाकुर से बदसलूकी की।
इतना ही नहीं, जिन कार्यकर्ताओं को पुलिस ने पकड़ा था, उन्हें भी कोर्ट परिसर से छुड़ाने की कोशिश की गई। कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिले के स्याना कस्बे में बीजेपी की जिला पंचायत सदस्य के पति प्रमोद लोधी का ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन में पुलिस ने चालान काटा था।
चालान काटे जाने के बाद प्रमोद पुलिस से भिड़ गया। बात हाथापई तक पहुंच गई। जिसके बाद पुलिस ने बाइक को सीज कर प्रमोद को गिरफ्तार कर लिया।
महिला CO ने मीडिया को बताया, “मामला चालान का था। प्रमोद के पास पूरे दस्तावेज नहीं थे। पहले उन्होंने मेरे साथ बदतमीजी की। इसके बाद दूसरे पुलिस अधिकारियों के साथ भी बदसलूकी की गई।”