येदियुरप्पा ने कहा : यह लोकतंत्र की हत्या हुई है

कर्नाटक विधानसभा में भाजपा सरकार के गिरने के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बी एस येदियुरप्पा ने अपने भावुक संदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि उनके प्रयास बेकार नहीं जाएंगे। तीन दिन से भी कम समय मुख्यमंत्री रहे येदियुरप्पा ने कहा कि यह लोकतंत्र की हत्या हुई है।

उन्होंने एक फेसबुक पोस्ट में कहा कि सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी भाजपा को जनादेश मिला था लेकिन उसे सत्ता से बेदखल कर दिया गया। येदियुरप्पा ने अपने पोस्ट में कहा कि हम नाकाम क्यों रहे। जनता ने जिन दो दलों को खारिज कर दिया उन्होंने हमारे खिलाफ साजिश रची।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उनका मनोबल नहीं गिरा है। उन्होंने याद किया कि किस तरह वह उन किसानों के हित में खड़े हुए थे जो ऋण नहीं भर पाने के कारण खुदकुशी कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमारे पास सत्ता नहीं है फिर भी हमारे पास किसानों के हित में लड़ने का जज्बा है।