यमन पर हवाई हमला: 41 लोगों की मौत, 13 घायल, कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका

सना: यमन में सऊदी अरब के नेतृत्व वाली गठबंधन सेना ने बुधवार को कई बार हवाई हमले किए। इनमें राजधानी सना के पास एक होटल को भी निशाना बनाया गया। इसमें कई हाउती विद्रोहियों और नागरिकों की मौत हो गई।

हवाई हमले की चपेट में आने से कम से कम 41 लोगों की मौत हो गई और 13 लोग घायल हो गए। बचाव अभियान अभी जारी है। बताया जा रहा है कि मलबे में अभी भी कई लोगों के दबे हैं।

खबर के मुताबिक, राजधानी सना से 20 किलोमीटर दूर एक डबल स्टोरी होटल पर बमबारी की गई। जिसमें सारा होटल तबाह हो गया। उस वक्त होटल में करीब 100 लोग थे। अभी तक इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है की इस होटल को निशाना क्यों बनाया गया।

गौरतलब है कि विद्रोही समूह हाउती और यमन की सरकार के बीच संघर्ष चल रहा है। इन विद्रोहियों ने उत्तरी यमन और सना पर अपना कंट्रोल बनाया हुआ है। यमन सरकार को सऊदी अरब और सहयोगी देशों का समर्थन हासिल है।
आपको बता दें की बीते तीन सालों में यमन में हुए हवाई हमलों में 9 हज़ार से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। जबकि 30 लाख से ज्यादा लोग देश छोड़कर जा चुके हैं।