लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने आईपीएस संवर्ग के 26 वरिष्ठ अधिकारियों का शुक्रवार को तबादला करते हुए राजीव कृष्ण को लखनऊ जोन का अपर पुलिस महानिदेशक बना दिया।
अभी तक इस पद पर रहे अभय कुमार प्रसाद को आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन का अपर पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है।
वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक विश्वजीत महापात्र को इसी पद पर एसीओ लखनऊ बनाया गया है। प्रतीक्षारत चल रहे पी वी रामाशास्त्री को महापात्र की जगह भेजा गया है। प्रतीक्षारत चल रहे अपर पुलिस महानिदेशक पीयूष आनंद को स्थापना में स्थानान्तरित किया गया है।
पीएचक्यू इलाहाबाद में महानिरीक्षक रहे के एस पी कुमार को अपर पुलिस महानिदेशक बनाकर पुलिस अकादमी मुरादाबाद भेजा गया है। स्थापना में अपर पुलिस महानिदेशक रहे एस बी शिरोडकर को अभिसूचना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मिर्जापुर परिक्षेत्र के आईजी रहे प्रेम प्रकाश अब बरेली जोन के अपर पुलिस महानिदेशक होंगे।
पुलिस महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) हरीराम शर्मा को अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन के पद पर भेजा गया है, जबकि सुनील गुप्ता अब अपर पुलिस महानिदेशक सीबीसीआईडी होंगे।
गुप्ता अभी तक पुलिस महानिरीक्षक (अपराध) थे। लखनऊ परिक्षेत्र के महानिरीक्षक जयनारायण सिंह को इसी पद पर पीएसी मुख्यालय लखनऊ में तैनाती दी गई है। टेलीकॉम के महानिरीक्षक सुजीत पाण्डेय सिंह का स्थान लेंगे।
आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक रेलवे विनोद कुमार सिंह को मुरादाबाद परिक्षेत्र का पुलिस महानिरीक्षक बनाकर भेजा गया है। प्रतीक्षारत चल रहे ध्रुवकांत ठाकुर बरेली परिक्षेत्र के महानिरीक्षक होंगे। विजय सिंह मीणा को मिर्जापुर का पुलिस महानिरीक्षक बनाकर भेजा गया है।
मीणा अभी तक लोक शिकायत में थे। फैजाबाद परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विजय प्रकाश को पुलिस महानिदेशक कार्यालय में नई तैनाती दी गई है।
गोरखपुर जोन के महानिरीक्षक रहे मोहित अग्रवाल अब इसी पद पर लोक शिकायत लखनऊ में तैनात किए गए हैं। बरेली रेंज के पुलिस महानिरीक्षक एस के भगत को लखनऊ में अपराध शाखा में भेजा गया है।
गोरखपुर की पुलिस उपमहानिरीक्षक रहीं नीलाब्जा चौधरी को गोरखपुर में ही प्रोन्नति कर महानिरीक्षक बना दिया गया। मुरादाबाद के उप महानिरीक्षक ओंकार सिंह को इसी पद पर फैजाबाद भेजा गया है, जबकि चित्रकूट धाम के पुलिस उप महानिरीक्षक रहे ज्ञानेश्वर तिवारी पीटीसी सीतापुर के उप महानिरीक्षक होंगे।
पीएसी सेक्टर लखनऊ के उप महानिरीक्षक प्रवीन कुमार को इसी पद पर लखनऊ में कानून एवं व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भर्ती एवं प्रन्नति बोर्ड रहे पुलिस उप महानिरीक्षक शरद सचान को इसी पद पर सहारनपुर भेजा गया है। लखनऊ में पुलिस उपमहानिरीक्षक कार्मिक मुख्यालय रहे मनोज तिवारी अब चित्रकूट धाम के नए पुलिस उप महानिरीक्षक होंगे।